नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पहसारा पश्चिमी पंचायत में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर जिला स्तरीय मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। मेला अध्यक्ष वचन देव सिंह ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के उपलक्ष्य में श्रीकृष्ण पूजा समिति पहसारा पश्चिमी की ओर से भव्य जिला स्तरीय मैराथन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन 6 सितंबर को सुबह 6 बजे से किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सुबह 5 बजे पहसारा श्रीकृष्ण मंदिर पहुंचना होगा।
मैराथन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में 101 रुपये देना होगा।
मैराथन प्रतियोगिता पहसारा हाई स्कूल से शुरू होकर इनैया, छतौना चौक, बेगमपुर, नावकोठी और बागर होते हुए उच्च विद्यालय सिसौनी मैदान में जाकर समाप्त होगी।
मेला समिति की ओर से प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 7,100 रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य पुरस्कार के रूप में 10 प्रतिभागियों को 1,100 रुपये दिए जाएंगे।
मेला समिति ने क्षेत्र के युवाओं एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन प्रतियोगिता में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


