गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल के शकरपुरा स्थित ब्लॉक चौक के समीप सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय मजदूर जयलख सिमना निवासी रामबदन दास की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामबदन दास साइकिल से बखरी बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक छह चक्का ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही बखरी एसडीपीओ कुंदन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार,अपर थानाध्यक्ष पवन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और स्वयं मृतक के शव को अपनी स्कॉर्पियो वाहन से उठाकर थाना पहुंचाया।इस बीच पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रक, उसके चालक एवं खलासी को बखरी ढाला के समीप से खदेड़ कर पकड़ लिया। बखरी पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
