मोहम्मद फैज AV भारत न्यूज संवाददाता दलसिंहसराय समस्तीपुर
सदर सब डिविजनल बीड़ी मज़दूर यूनियन एवं बिहार राज्य भवन निर्माण कामगार संघ जिला कमेटी समस्तीपुर की संयुक्त बैठक कॉमरेड विनोद कुमार समीर की अध्यक्षता में भाकपा अंचल कार्यालय, दलसिंहसराय में आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन महासचिव रामबिलास शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार श्रमिकों के लिए बने 44 श्रम कानूनों को मालिक पक्षीय 4 लेबर कोड बनाकर मजदूरों के साथ हक़मारी कर रही है। सार्वजनिक उपक्रमों को निजीकरण, आउटसोर्सिंग एवं ठेकाकरण किया जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा बीमा कंपनियों में 100 प्रतिशत एफडीआई लागू करने की योजना जनविरोधी है।
वहीं मनरेगा का नाम बदलकर वीबी–रामजी करने का फैसला न सिर्फ मजदूर विरोधी बल्कि जनविरोधी भी है। बीड़ी श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित कई योजनाओं को बंद कर केंद्र सरकार बीड़ी श्रमिकों के साथ हक़मारी कर रही है।
इन सभी मुद्दों को लेकर देश के 10 श्रमिक संगठनों द्वारा केंद्रीय श्रम संगठन मंच के आह्वान पर 12 फरवरी 2026 को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल की घोषणा की गई है। इसके समर्थन में संयुक्त किसान सभा एवं संयुक्त खेत मजदूर संगठन भी इस राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल में शामिल होंगे।
हड़ताल को सफल बनाने के लिए आगामी 4 फरवरी 2026 को समस्तीपुर राजपत्रित कर्मचारी महासंघ कार्यालय में संयुक्त ट्रेड यूनियन का कन्वेंशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी मजदूरों से भाग लेने का आह्वान किया गया है।
बैठक को शंकर राम, महेश्वर राम, सुदामा देवी, करो देवी, कांति देवी, ममता देवी, जगदेव दास, मोहम्मद यूनुस, तिरपित राय, मीना देवी, पांचो पासवान, उमेश राम सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।
