गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
शुक्रवार को बखरी अनुमंडल स्तरीय अस्पताल के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गर्मा गया जब कार्यक्रम में मौजूद भाजपा सांसद गिरिराज सिंह और भाकपा विधायक सूर्यकांत पासवान के समर्थक आपस में भिड़ गए। श्रेय लेने की होड़ में दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।कार्यक्रम स्थल पर जैसे ही शिलान्यास हुआ वैसे ही दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने नेता के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए।

देखते ही देखते यह नारेबाजी तीखी झड़प में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने दोनों पक्षों को शांत कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से अस्पताल की मांग की जा रही थी, और अब जब उसका शिलान्यास हो रहा है, तो इसे राजनीति की भेंट नहीं चढ़ने देना चाहिए।
