नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/संवाददाता
नावकोठी प्रखंड स्तरीय जनता दल यूनाइटेड की बैठक विष्णुपुर पंचायत के सैदपुर गांव में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष एवं विष्णुपुर पंचायत के पूर्व मुखिया केशरी नंदन मिश्र ने की, जबकि संचालन जदयू नेता मोहम्मद आफताब ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए केशरी नंदन मिश्र ने कहा कि काफी विपरीत परिस्थितियों में नावकोठी प्रखंड में जनता दल यूनाइटेड को मजबूत आधार दिया गया था, लेकिन वर्तमान में पार्टी का नेतृत्व गलत हाथों में चले जाने के कारण कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में पार्टी का जो प्रभाव और वर्चस्व था, वह अब दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड क्षेत्र में पर्चा बंदोबस्ती एवं बटाईदारी की जमीनों पर भूमाफियाओं की नजर है और फर्जी रजिस्ट्री के माध्यम से गरीबों को उनकी जमीन से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे हमेशा संघर्ष करते रहेंगे।
वरिष्ठ जदयू नेता एवं पूर्व मुखिया जय जय राम महतो ने कहा कि वर्तमान प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन कमजोर हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि अध्यक्ष के चुनाव के काफी समय बीत जाने के बावजूद पार्टी की बैठक क्यों नहीं बुलाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड अध्यक्ष कुछ लोगों के प्रभाव में काम कर रहे हैं और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो रही है।

पार्टी के प्रवक्ता सुभाकर मिश्रा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को एक बार फिर नावकोठी में जनता दल यूनाइटेड को मजबूती से खड़ा करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग संगठन के भीतर रहकर ही पार्टी और कार्यकर्ताओं के खिलाफ माहौल बनाने में लगे हैं, लेकिन उनके प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक को मोहम्मद आफताब, कृष्णनंदन महतो, चंद्रशेखर साह, राम कुमार सिंह एवं जदयू नेत्री अमिता कुमारी ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर दिनेश महतो, विजय शंकर महतो, विनोद कुमार, अजीत कुमार, अर्जुन शर्मा, शाह आलम, कुंदन सिंह, राजेंद्र पासवान, रामचंद्र पासवान, नैनी देवी सहित प्रखंड क्षेत्र के 40 से अधिक सक्रिय सदस्य उपस्थित थे।
