गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
सहकारिता विभाग में व्याप्त अनियमितताओं एवं किसानों की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर सोमवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से नेताओं ने किसानों की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराते हुए बताया कि किसान महंगे दामों पर खाद, बीज एवं अन्य कृषि सामग्री खरीदकर खेती कर रहे हैं, लेकिन फसल तैयार होने के बाद उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 2300 से 2400 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किए जाने के बावजूद पैक्स के माध्यम से धान की खरीद नहीं हो रही है।
पंकज पासवान ने कहा कि पैक्स द्वारा खरीद नहीं होने के कारण किसान मजबूरी में खुले बाजार में 1200 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान बेचने को विवश हैं। इसका सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है और वे लगातार कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत से ही देश का भरण-पोषण होता है, ऐसे में उनके साथ हो रहा यह अन्याय किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है।
लोजपा (रामविलास) ने प्रशासन से मांग की कि पैक्स के माध्यम से समय पर किसानों के धान की खरीद सुनिश्चित की जाए तथा खरीद के बाद भुगतान भी निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके। इस मौके पर लोजपा प्रखंड महासचिव संजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह कच्छवाहा, अनिल वर्मा, किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष संजीत कुमार वर्मा, अमरजीत महतो सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
