श्रद्धालुओं ने किया भावपूर्ण विसर्जन
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर एवं आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की पूजा धूमधाम और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। गुरुवार को विजयादशमी के अवसर पर माता की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। नगर क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भक्त विसर्जन में पूरी आस्था के साथ सहभागी बने।पूजा के अंतिम दिन भारी बारिश के बाबजूद विभिन्न पूजा पंडालों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। विसर्जन शोभायात्रा के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमाएं शहर की मुख्य सड़कों सहित कई मार्गों से गुजरती हुई विसर्जन स्थलों तक पहुंची। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए माता की विदाई में शामिल हुए।विसर्जन के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की थी।
बखरी पुलिस ने शहर के प्रमुख स्थानों पर तैनाती देकर विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया। पुरानी दुर्गा मंदिर, नव दुर्गा स्थान, वैष्णवी दुर्गा मंदिर, और घाघरा गांव में स्थापित माता की प्रतिमाओं का देर शाम तक विसर्जन होता रहा। वहीं पुरानी दुर्गा मंदिर परिहारा और श्री श्री 108 दुर्गा मंदिर परिहारा की प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार सुबह शांतिपूर्ण माहौल में किया गया।पूजा समितियों के सदस्यों ने पूजा आयोजन के सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण संपन्न होने पर हर्ष व्यक्त किया है। मां दुर्गा की विदाई यात्रा के दौरान श्रद्धालु सड़कों के किनारे खड़े होकर माता के दर्शन करते रहे और विदाई में हाथ जोड़कर नमन किया।
