कुल 2.93 लाख मतदाता चुनेंगे अपना प्रतिनिधिराजनीतिक सरगर्मी तेज , संभावित प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी 147 सुरक्षित विधानसभा सीट पर इस बार का चुनाव काफी रोचक और प्रतिष्ठा का विषय बनता जा रहा है।
6 नवंबर को इस सीट पर मतदान होना है, जिसमें कुल 2,93,514 मतदाता अपने वोट के अधिकार का प्रयोग कर क्षेत्र के नेतृत्व का फैसला करेंगे।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार 366 मतदान केंद्रों पर वोटिंग की व्यवस्था की गई है। इनमें 1,54,973 पुरुष, 1,38,533 महिला और 8 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
चुनाव आयोग की ओर से निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। विभिन्न दलों के संभावित प्रत्याशियों ने गांव-गांव, टोले-मुहल्ले में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
चौपालों से लेकर नुक्कड़ बैठकों तक, जनता को अपने पक्ष में करने के प्रयास शुरू हो चुके हैं। मुद्दों की चर्चा, वादों की बौछार और पुराने विकास कार्यों का लेखा-जोखा अब चर्चा का केंद्र बनने लगा है।
बखरी विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से सामाजिक व राजनीतिक दृष्टि से अहम भूमिका निभाता रहा है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित यह सीट हर बार राजनीतिक दलों के लिए चुनौती और सामाजिक समीकरणों की कसौटी रही है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार बखरी की जनता किसे मौका देती है और कौन उम्मीदवार अपने राजनीतिक कौशल व जनसंपर्क के दम पर जनता का भरोसा जीत पाता है।
फिलहाल बखरी की फिजा में चुनावी रंग घुल चुका है, और हर गली-मोहल्ले में सिर्फ एक ही चर्चा है इस बार किसे मिलेगी बखरी की कमान।
