भाजपा नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल से की मुलाकात
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी में निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज में अगले शैक्षणिक सत्र से स्नातक की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर भाजपा नगर अध्यक्ष कामिनी कंचन ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा।भाजपा नेत्री के साथ सामाजिक कार्यकर्ता राज किशोर राज भी उपस्थित थे। राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे संघर्ष के बाद बखरी में डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। कॉलेज के लिए कार्यालय भवन का निर्माण संपन्न हो गया है, लेकिन अब तक पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है।
श्रीमती कंचन ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण बखरी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए बेगूसराय, खगड़िया, रोसड़ा, मंझौल और समस्तीपुर जैसे दूरस्थ स्थानों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अब जबकि कॉलेज भवन तैयार है, तो शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति कर आगामी सत्र से नामांकन प्रारंभ कराया जाना चाहिए।भाजपा नगर अध्यक्ष ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि इस संबंध में शिक्षा विभाग एवं ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि बखरी के छात्र-छात्राओं को अपने ही नगर में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
