गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड में कोडिन युक्त नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। खासकर युवा वर्ग इस नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक कोडिन मिश्रित सिरप और अन्य नशीली दवाओं का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, जिससे क्षेत्र में नशे की लत का दायरा चिंताजनक रूप ले चुका है। सूत्रों के मुताबिक बखरी बाजार के आसपास तथा कुछ ग्रामीण इलाकों में भी नशे का यह कारोबार गुपचुप तरीके से चल रहा है।
कई मेडिकल दुकानों पर बिना डॉक्टर की पर्ची के कोडिन युक्त कफ सिरप आसानी से मिल जाता है। यही वजह है कि किशोर और युवा वर्ग इसे नशे के रूप में सेवन कर रहे हैं। नशे की लत से कई घरों में कलह और आर्थिक तंगी जैसी स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। अभिभावक अपने बच्चों के बदलते व्यवहार को लेकर गहरी चिंता में हैं।
