गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी मुख्य बाजार में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। लगातार लग रहे जाम और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए एसडीपीओ कुंदन कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान सड़क के दोनों किनारों पर बेतरतीब खड़ी दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। रिकॉर्ड संख्या में चालान काटते हुए कुल 30 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। कई वाहन मालिकों को मौके पर ही चालान थमाया गया।
एसडीपीओ श्री कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बाजार क्षेत्र में रोड साइड पार्किंग बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे जाम की समस्या बढ़ती है और एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं को भी बाधा पहुंचती है। प्रशासन ने संकेत दिया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की पहल का समर्थन करते हुए इसे यातायात व्यवस्था सुधार की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
