गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के बागवन पंचायत स्थित सिनुआरी महादलित टोला में गुरुवार की दोपहर भयानक अगलगी की घटना में चार घर जलकर राख हो गए। आग की इस घटना में घरों में रखा सारा सामान भी जल गया। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है।अगलगी के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया। तब तक सभी घर पूरी तरह जल चुके थे।
घटना में पवन देवी (पति रितेश सदा), पारो देवी (पति विकास सदा), पाना देवी (पति गंडोरी सदा) एवं रामरती देवी (पति विकेश सदा) के घर पूरी तरह जल गए। आग में नकदी, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, जेवरात, मोबाइल फोन और अनाज सहित लगभग सभी सामान राख हो गए। अगलगी के बाद सभी परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित सहायता की मांग की है। वहीं, मौके पर पहुंचे अंचल कर्मियों ने नुकसान का आकलन कर पीड़ितों की सूची तैयार की और जल्द ही मुआवजा एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
