विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगूसराय
भगवानपुर थाना क्षेत्र के हरिचक गांव वार्ड संख्या-14 निवासी रामसागर महतो के लगभग 55 वर्षीय पुत्र एवं पेशे से बस चालक रामाकांत सिंह की दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामाकांत सिंह बिहार विधानसभा चुनाव में ड्यूटी कर रहे कर्मियों को बस से बंगाल पहुंचाने के बाद बीती रात अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विहपुर थाना क्षेत्र के झंडापुर गांव के पास बस और कंटेनर की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

उक्त घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा रविवार शाम तक शव स्वजन को सौंप दिया। देर शाम लगभग 5 बजे जब शव हरिचक गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। शव के घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। पत्नी रंजू देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य बिलख-बिलखकर रोने लगे।
मृतक अपने पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वे गांव में रहकर संजात से बेगूसराय रूट पर बस चलाते थे। पीछे दो विवाहित बेटियां और करीब 20 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार है, जो बेगूसराय के एक डॉक्टर की क्लिनिक में कम्पाउन्डर के रूप में कार्यरत है। पिता रामसागर महतो पुत्र का शव देख कर स्तब्ध रह गए और उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
घटना की खबर फैलते ही अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर उमड़ पड़े। हर कोई शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहा था, लेकिन लोगों की नम आंखें उनकी पीड़ा बयां कर रही थीं। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
