गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
यूपी व नरकटियागंज की दो लड़कियाँ बरामद
बखरी थाना पुलिस ने मंगलवार देर शाम नदैल घाट स्थित कथित रेड लाइट एरिया में गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश और नरकटियागंज की दो लड़कियों को बरामद किया, जिन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवतियों को बहला-फुसलाकर यहां लाया गया था। पुलिस उनके परिवारजनों से संपर्क स्थापित कर रही है।
छापेमारी में पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है, जबकि इस अवैध कारोबार का कथित मुख्य संचालक संजय खलीफा मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मौके से पुलिस ने मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। इनकी मदद से गिरोह के नेटवर्क और पृष्ठभूमि की पड़ताल की जा रही है।
प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि बरामद दोनों लड़कियों के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में मानव तस्करी सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नदैल घाट क्षेत्र में लंबे समय से ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने की जरूरत थी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आगे भी ऐसे अवैध ठिकानों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
