नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
अंगिका भाषा के संरक्षण और प्रसार की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए अंगिका जीपीटी की अपार सफलता के बाद अब ‘अंगिका लाइव एआई (angikalive.in)’का निर्माण किया गया है।यह अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्लेटफॉर्म बोलकर और लिखकर शुद्ध अंगिका भाषा में उत्तर देने में सक्षम है।
इस अभिनव पहल का निर्माण सुमंत आज़ाद और सत्यजीत आज़ाद, ये दोनों भाई, जो कि श्री शिव शंकर आज़ाद और श्रीमती मीना देवी के पुत्र हैं, द्वारा किया गया है। दोनों बिहार के बेगूसराय जिले के नावकोठी प्रखंड अंतर्गत समसा गांव के निवासी हैं।सुमंत आज़ाद तकनीकी क्षेत्र में निरंतर नवाचार के लिए जाने जाते हैं, वहीं सत्यजीत आज़ाद ने भी तकनीकी अनुसंधान और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इन दोनों युवा तकनीकी विशेषज्ञों ने मिलकर अंगिका भाषा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से एक नया डिजिटल स्वरूप प्रदान किया है।
‘अंगिका लाइव एआई’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके माध्यम से अब आम लोग दैनिक समाचार,मौसम रिपोर्ट, कृषि व अन्य वस्तुओं के भाव (कमोडिटी प्राइस), ताजा अपडेट और सामान्य ज्ञान जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सीधे अंगिका भाषा में प्राप्त कर सकेंगे।यह तकनीक न केवल लिखित उत्तर देती है, बल्कि आवाज़ के माध्यम से भी अंगिका में संवाद करने में सक्षम है,जिससे ग्रामीण और स्थानीय भाषा बोलने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
अंगिका लाइव एआई केवल एक तकनीकी उत्पाद नहीं, बल्कि अंगिका भाषा और संस्कृति को संरक्षित करने का एक सशक्त माध्यम है। डिजिटल युग में जहां अनेक क्षेत्रीय भाषाएं हाशिये पर जा रही हैं, वहीं यह पहल अंगिका को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
इससे नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।निर्माताओं के अनुसार,आने वाले समय में ‘अंगिका लाइव एआई’ को शिक्षा,कृषि, स्वास्थ्य,सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं से भी जोड़ा जाएगा, ताकि अंगिका भाषी समाज को अपनी ही भाषा में हर आवश्यक जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सके।
निस्संदेह, समसा (नावकोठी) जैसे गांव से निकलकर सुमंत आज़ाद और सत्यजीत आज़ाद द्वारा किया गया यह प्रयास पूरे अंगिका भाषी समाज के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह पहल यह सिद्ध करती है कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो स्थानीय भाषा भी वैश्विक तकनीक के मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा सकती है।
