गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र के घाघरा पंचायत के बदिया गांव निवासी चंद्रशेखर मुखिया (40) का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार को बेगूसराय के एक निजी क्लीनिक में निधन हो गया। वे अपने पीछे पत्नी पारो देवी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। रविवार को बखरी विधायक सह गन्ना मंत्री संजय पासवान ने बदिया गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की, संवेदना व्यक्त की और अपने निजी कोष से आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही सरकारी योजनाओं से जोड़कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि चंद्रशेखर मुखिया मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और पिछले दो माह से बीमार थे। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर थी। परिवार के मुखिया के निधन से बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई जा रही है। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य घनश्याम राय, सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद पोद्दार, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील राय सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों के अनुसार आजादी के बाद पहली बार किसी मंत्री ने बदिया गांव का दौरा किया।
