गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के राटन पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-09 स्थित उदनचक गांव में मंगलवार की देर रात भीषण आग लगने से दो परिवारों का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की शुरुआत महेंद्र साहू के घर से हुई, जिसने देखते ही देखते पड़ोसी राजकुमारी देवी, पति योगेंद्र साहू के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग में नकदी, अनाज, कपड़े, फर्नीचर व जरूरी कागजात सहित दोनों परिवारों की पूरी गृहस्थी नष्ट हो गई। ग्रामीणों के प्रयास विफल रहे। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई, लेकिन दोनों परिवार बेघर हो गए हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ितों को तत्काल राहत व मुआवजा देने की मांग की है। राटन के उप मुखिया अजित कुमार एवं सामाजिक कार्यकर्ता दीपक आजाद ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
