मोहम्मद फैज AV भारत न्युज संवाददाता दलसिंहसराय/ समस्तीपुर
आरबी कॉलेज परिसर में शहीद दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार चौधरी ने की, जबकि नेतृत्व एनसीसी पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार पाण्डेय एवं कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स तथा छात्र-छात्राओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. धीरज कुमार पाण्डेय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, विचारों एवं देश के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता दिलाई। दुर्भाग्यवश, जिन्होंने जीवनभर अहिंसा का मार्ग अपनाया, उन्हें स्वयं हिंसा का शिकार होना पड़ा। आज न केवल भारत बल्कि पूरा विश्व गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता है कि हम गांधी जी के दर्शन को समझें और उनके बताए मार्ग पर चलकर देश को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँ। यही राष्ट्रपिता के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में प्राध्यापक डॉ. सोहित राम, डॉ. अपूर्व सारस्वत, डॉ. राजकिशोर, संजय कुमार सुमन, डॉ. अनूप कुमार, डॉ. मुकेश कुमार झा, डॉ. रहमानी, डॉ. जवाहरलाल, डॉ. हरीश सामरिया, डॉ. निभा कुमारी सिंह, डॉ. रितु सांगवान, डॉ. महताब आलम खां, डॉ. मिथिलेश कुमार, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. प्रीति कुमारी सहित अन्य प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी, स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
