नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड के समसा पंचायत में आईबीएल फ्लेगशिप परियोजना के अंतर्गत प्रदान संस्था के द्वारा शुक्रवार को एक दिवसीय कृषि मेला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत समिति सदस्य गौतम गोस्वामी ने की।वहीं संचालन शिवचन्द्र कुमार द्वारा किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया,जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक बन गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पंचायती राज पदाधिकारी जितेन्द्र कुमार,प्रखंड कृषि पदाधिकारी रौशन कुमार तथा सरपंच बाबु साहेब कुंवर ने किसानों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं एवं कृषि विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील किया कि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभदायक बनाएं तथा सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कृषि मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को स्मार्ट खेती,जैविक खेती,प्राकृतिक खेती, संरक्षित खेती,कृषि उत्पादन के निर्यात को बढ़ावा देने,एग्री स्टार्टअप तथा किसान उत्पादक संगठन (FPO) के संबंध में जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान किसानों को खेती की नई तकनीकों, बेहतर बीजों,उर्वरकों के संतुलित उपयोग,जल संरक्षण,मृदा स्वास्थ्य तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस कृषि मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और विशेषज्ञों से खेती से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा खेती में आने वाली समस्याओं के समाधान के बारे में भी चर्चा की।कार्यक्रम के दौरान किसानों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार समूह बनाकर किसान उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं तथा बाजार से सीधे जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।इस अवसर पर पंचायत रोजगार सेवक बबलु कुमार, सामुदायिक समन्वयक विकास कुमार,किसान सलाहकार सुनील कुमार,भाजपा नेत्री रानी गोस्वामी,वार्ड सदस्य बिन्दु देवी सहित प्रदान संस्था से अफसाना रोजी एवं रेखा कुमारी तथा जीविका दीदी नूतन, कामनी,पिंकी, काजल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
