गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
आगामी ईद, रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष रबिन्द्र कुमार ने की।
बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत के जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने पर जोर दिया।
इस मौके पर बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर ने कहा कि हमारे क्षेत्र में मनाए जाने वाले सभी पर्व आपसी प्रेम और सौहार्द के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि ईद की नमाज के दौरान विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

वहीं, रामनवमी के अवसर पर यदि कोई शोभायात्रा या जुलूस निकाला जाता है, तो इसके लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी त्योहारों के दौरान डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा, जबकि चैती दुर्गा पूजा के आयोजन के लिए लाइसेंस लेना आवश्यक होगा।
थानाध्यक्ष रबिन्द्र कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस लगातार गश्त करती रहेगी और किसी भी तरह के असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
ज्ञात हो कि भवानंदपुर, सहुरी एवं पर्रा पंचायतों में हर वर्ष चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाती है। खासकर भवानंदपुर पंचायत के शिवनगर मुजफ्फरा में इस वर्ष भी चार दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है।
बैठक में प्रखंड प्रमुख, मुखिया प्रतिनिधि राम प्रवेश सिंह, मुखिया राजीव कुमार, त्रिपुरारी कुमार, अशोक पासवान, दीपक कुमार, पंसस नवीन कुमार सिंह, सरपंच प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह, पूर्व जिला पार्षद सुल्ताना बेगम, पूर्व सरपंच संजय कुमार सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मो. जावेद खान, मुजफ्फरा चैती दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष रौशन कुमार संदीप, जितेंद्र चौधरी सहित कई लोग उपस्थित थे।
