गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बिजली, कृषि, शिक्षा, नल-जल योजना सहित विभिन्न जनसमस्याओं और विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान वीरपुर पश्चिम पंचायत के मुखिया त्रिपुरारी कुमार ने बरैपुरा मुसहरी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि सदा परिवार के पांच सदस्यों के लिए बार-बार आवास की राशि स्वीकृत होती है, लेकिन जमीन नहीं रहने के कारण राशि वापस चली जाती है। उन्होंने वार्ड संख्या 12 स्थित जर्जर हरिजन बैठका को हटाने की भी मांग की।
वहीं पंचायत के वार्ड संख्या 5, 8, 9 और 10 में खराब पड़े नलों को बदलवाने की मांग की गई। इसके अलावा जगदर वार्ड 1 में नल-जल की सुविधा नहीं होने तथा नौला वार्ड 13 और 14 में नल-जल योजना बंद रहने का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने यह भी बताया कि प्रखंड क्षेत्र में लगे पानी टंकियों की सफाई पिछले चार वर्षों से नहीं हुई है, जिसे जल्द कराने की आवश्यकता है।
उपप्रमुख ने पीएचईडी के तहत खराब पड़े इंडिया मार्का चापाकलों की सूची तैयार कर उनकी मरम्मत कराने और नए चापाकलों की मांग भेजने का निर्देश दिया। बिजली विभाग की समीक्षा के दौरान 11 हजार वोल्ट के तारों पर कवर लगाने की मांग उठी। विशेष रूप से वीरपुर वैदा बांध, सुरहा चौक और बरैपुरा मुसहरी में जर्जर बिजली पोल को बदलने पर जोर दिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निर्माण वीरपुर में ही कराया जाए। साथ ही मुख्य मार्ग के आसपास डिग्री कॉलेज स्थापित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी प्लस टू स्कूलों में विषयवार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग भी की गई।
बैठक में बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, थाना अध्यक्ष रवींद्र कुमार, बीपीआरओ अभिषेक कुमार, बीसी शबनम कुमारी, जीविका प्रबंधक शैलेश रंजन, पंसस रीता देवी, अनामिका कुमारी, मुखिया त्रिपुरारी कुमार, दीपक कुमार, अशोक पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
