गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के राटन पंचायत में पोषण पखवाड़ा के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अर्पणा कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका चेतना कुमारी, पंसस रीना देवी, उप मुखिया अजीत कुमार, पूर्व जिला परिषद नरेश पासवान, वार्ड सदस्य रीता देवी, आंगनबाड़ी सेविकाएं कोमल कुमारी,जयंती कुमारी,रूबी कुमारी,इंद्राणी देवी और नीतू देवी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अर्पणा कुमारी ने बच्चों के सही पोषण पर जोर देते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें और कुरकुरे जैसे जंक फूड का सेवन न करने दें। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार ही बच्चों के स्वस्थ विकास का आधार है।
वहीं उप मुखिया अजीत कुमार ने बताया कि लोग अपने घरों में पोषण वाटिका बनाकर जैविक तरीके से खेती कर सकते हैं, जिससे परिवार को ताजा और पौष्टिक आहार मिलेगा तथा बीमारियों से भी बचाव होगा।
कार्यक्रम के दौरान गोद भराई एवं अन्नप्रासन संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिससे महिलाओं और बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी रही।
