गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने गुणवत्ता मूल्यांकन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत नेशनल क्वालिटी इंश्योरेंस स्टैंडर्ड मॉनिटरिंग में पीएचसी बखरी को 91.55 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं, जिसके साथ ही यह जिले में द्वितीय स्थान पर रहा। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह ने बताया कि यह भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं का मूल्यांकन निर्धारित गुणवत्ता मानकों के आधार पर किया जाता है।

उन्होंने जानकारी दी कि मूल्यांकन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की गई। पहले चरण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के हॉस्पिटल मैनेजर एवं जिला स्तरीय टीम द्वारा क्वालिटी असेसमेंट किया गया, जिसमें हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर मोहनपुर को उच्च अंक प्राप्त हुए। इसके बाद राज्य स्तरीय टीम द्वारा किए गए मूल्यांकन में 93 प्रतिशत अंक मिले।अंतिम चरण में राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली से वर्चुअल असेसमेंट किया गया, जिसमें पीएचसी बखरी ने 91.55 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
स्वास्थ्य प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय डॉ. माला कुमारी, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर श्वेता कुमारी, एएनएम शांति कुमारी, यक्ष्मा पर्यवेक्षक रणधीर कुमार, फार्मासिस्ट प्रभात कुमार, लेखपाल शशि रंजन, राजीव रेड्डी सहित उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर तैनात सफाईकर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, आशा फैसिलिटेटर्स और सभी स्वास्थ्यकर्मियों को दिया है।
