नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र में हुई दो लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने चोरी गई पूरी राशि कटिहार जिले से बरामद कर ली है। मामले में संलिप्तता के आरोप में एक व्यक्ति के घर से रुपये बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बखरी थाना क्षेत्र में दो लाख रुपये चोरी होने की घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस लगातार छानबीन कर रही थी। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नयाटोला जुरावगंज में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त सिंटू ग्वाला, पिता अधिक ग्वाला, निवासी वार्ड संख्या-01, नयाटोला जुरावगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार के घर से चोरी की पूरी राशि दो लाख रुपये बरामद कर ली। बरामद राशि को पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत अपने कब्जे में ले लिया है।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। अनुसंधान के क्रम में प्राप्त साक्ष्यों एवं सूचनाओं के आधार पर चोरी की गई पूरी राशि बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मामले का शीघ्र उद्भेदन होने पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
