गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के पर्रा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-1 दसैनतौर टोला में गुरुवार की देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सुनसान घर में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। युवक की इस स्थिति को देखकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं और माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना वीरपुर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राजू रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया, ताकि विभिन्न पहलुओं से जांच की जा सके।

मृत युवक की पहचान 42 वर्षीय श्याम साह के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष राजू रंजन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
मृतक के भतीजा नीतीश कुमार ने बताया कि उनके चाचा करीब 15 दिन पहले अपनी पत्नी और पांच वर्षीय पुत्री को लेकर मजदूरी करने राजस्थान गए थे। चार दिन पहले ही वे राजस्थान से गांव लौटे थे। गुरुवार को उन्होंने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी और पुत्री अभी भी राजस्थान में ही हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग गांव पहुंचे हैं।
वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि श्याम साह शांत स्वभाव और मृदुभाषी व्यक्ति थे। वे अधिकतर समय राजस्थान में रहकर मजदूरी करते थे और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। गांव में भी उनका व्यवहार सभी के प्रति अच्छा था।
