गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के भवानंदपुर पंचायत में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (एडीएम) महेश्वर प्रसाद सिंह ने की।
शिविर में विधायक कुंदन कुमार सिंह, तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार, बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ भाई वीरेंद्र, थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार, मुखिया दीपक कुमार सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि, पंचायत एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सहयोग शिविर के दौरान कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि एवं राजस्व विभाग से संबंधित 13, ग्रामीण विकास विभाग से 6, योजना एवं विकास विभाग से 2, बिजली विभाग से 2 आवेदन शामिल हैं। वहीं समाज कल्याण विभाग, वन विभाग, गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित एक-एक आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी तुषार सिंगला के नेतृत्व में भी जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया था, जिसकी कई समस्याएं अब तक लंबित हैं। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन कितनी शीघ्रता से हो पाता है।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
