फैज AV भारत न्युज संवाददाता दलसिंहसराय/समस्तीपुर
रामाश्रय बालेश्वर महाविद्यालय, दलसिंहसराय में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. वीरेन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता एवं राजनीति विज्ञान विभाग के नेतृत्व में संविधान दिवस के शुभ अवसर पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक संजय कुमार सुमन ने विषय प्रवेश कराया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. सोहित राम ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान एक ऐसा संविधान है, जो देश के जन-मन को संपोषित करते हुए बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय की नीति पर बल देता है। अन्य वक्ता डॉ. धीरज कुमार पाण्डेय, डॉ. अविनाश कुमार प्रसाद, छात्रा बिन्दु कुमारी आदि ने संविधान दिवस पर प्रासंगिक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. चौधरी ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने भारत को अंग्रेजों की स्वार्थपूर्ण नीति से मुक्ति दिलाते हुए एक ऐसे संविधान का निर्माण किया, जो सर्वे भवन्तु सुखिन: सिद्धांत पर केंद्रित है। विश्व के संविधान का अध्ययन करते हुए उन्होंने विश्व का सबसे बड़ा, लिखित एवं लोककल्याणकारी संविधान का निर्माण किया, जो समतामूलक समाज के निर्माण पर बल देता है।
भारतीय संविधान हमें अधिकार एवं कर्तव्य का बोध कराते हुए हमारे व्यक्तित्व के सर्वोत्तम विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। आज जरूरत है कि हम संविधान की मूल आत्मा को आत्मसात करते हुए तद्नुसार आचरण कर अपने देश को विकास के मार्ग पर ले जाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
मौके पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अपूर्व सारस्वत, डॉ. सुनील कुमार सिंह, डॉ. अनूप कुमार, डॉ. मुकेश कुमार झा, डॉ. सुनील कुमार साह, डॉ. जवाहरलाल, डॉ. हरीश सामरिया, डॉ. निभा कुमारी सिंह, डॉ. रितु सांगवान, डॉ. धीरज कुमार, डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह, डॉ. रिषिकेश कुमार, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. प्रीति कुमारी आदि सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई।
