नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय।
नावकोठी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को अंजू एवं रुक्मिणी आशा फैसिलिटेटर ग्रुप की सभी आशा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान भाव्या-एम ऐप पर ऑनलाइन सर्वे अपडेट करने, ऑफलाइन सर्वे सूची को अद्यतन करने, पीएफ-एलएमआईएस तथा संस्थागत प्रसव से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही माता एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक योग्य लाभार्थियों को परिवार नियोजन सेवाओं से जोड़ने तथा अंतरा, माला-एन, कंडोम और ई-पिल जैसी परिवार नियोजन सामग्री का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा नियमित टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने सभी आशा कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में सक्रियता के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को गति देने और सर्वे सूची को समय पर अद्यतन करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में डॉ. नितिन कुमार, बीसीएम उषा कुमारी, बीएमईए संदीप चंद्र, पप्पू कुमार सहित सभी आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं।


