नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय।
जेएनयू के पूर्व छात्र एवं कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने सोमवार को बेगूसराय की स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण किया। उन्होंने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम विवेक चंद्र वर्मा की अदालत में उपस्थित होकर आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उनके अधिवक्ता ने जमानत याचिका दाखिल की।
मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कन्हैया कुमार को 10 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
यह मामला वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन से जुड़ा है। उस समय कन्हैया कुमार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रत्याशी के रूप में बेगूसराय लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में थे।
आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान उनके समर्थकों या पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए सार्वजनिक एवं प्रतिबंधित स्थानों पर प्रचार सामग्री का उपयोग किया गया था। इसी मामले में न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद उन्हें जमानत मिल गई।


