नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
बेगूसराय समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में एनसीओआरडी (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई, नशा मुक्ति अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी डीसीबी शाखा ने बताया कि मई 2026 में जिले के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े छह मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 70 ग्राम गांजा, 149.79 ग्राम स्मैक, 239 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप तथा बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इस दौरान आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
जिला पदाधिकारी ने मादक पदार्थों से जुड़े 93 लंबित मामलों का जल्द अनुसंधान पूरा करने और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से त्वरित न्याय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सूखे नशे की आपूर्ति में अंतरराज्यीय तस्करों की संलिप्तता सामने आई है। इस पर डीएम ने एनसीबी, पटना के साथ समन्वय स्थापित कर सूचनाओं का आदान-प्रदान करने तथा अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को ड्रोन कैमरों से नियमित निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
103 दवा दुकानों की जांच, आठ के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया
बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि मई माह में जिले के 103 दवा दुकानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 19 प्रतिष्ठानों की रिपोर्ट प्रतिकूल पाई गई, जबकि आठ दुकानों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया जारी है। जिला पदाधिकारी ने रेलवे स्टेशन, गुमटियों तथा आसपास के क्षेत्रों में नियमित संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने स्पष्ट कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


