अशोक कुमार ठाकुर AV भारत न्युज संवाददाता तेघड़ा/बेगूसराय
इंदिरा आवास योजना अंतर्गत घर ढ़लाई के विवाद में पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिए गए मजदूर की बुधवार को बेगूसराय के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौरा दो पंचायत अंतर्गत मरसैति वार्ड संख्या 7 की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र यादव ,पिता स्वर्गीय उपेंद्र यादव के रूप में की गयी। मौत की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन कर रही है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सुरेंद्र यादव को इंदिरा आवास योजना के तहत घर मिला था। 28 अगस्त 25 को वह अपने घर की ढलाई करवा रहे थे। इस वक्त पड़ोसी हरिनंदन यादव, बाल्मीकि यादव, नरेश यादव, विकास यादव, गौतम कुमार सहित अन्य लोगों ने घर के निर्माणाधीन छज्जे को खोलवाया। फिर विवाद बढ़ने पर उक्त लोगों ने लाठी-डंडे से और लोहे के रड से जमकर पिटाई कर दी थी। जिसमें सुरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। भाई रंजीत यादव एवं स्थानीय लोगों ने अनुमंडलीय अस्पताल तेघड़ा में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया । इलाज बेगूसराय के निजी अस्पताल में चल रहा था गरीबी के कारण परिजनों ने किसी तरह इलाज करवा रहा था । इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पहुंची तेघड़ा थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया । मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करने वाला सुरेंद्र यादव के इलाज के लिए परिजन एवं गांव के लोग तत्पर हुए थे। लेकिन गांव वालों की कोशिश उस समय असफल हो गई जब इलाज के दौरान सुरेंद्र यादव ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गांव वाले इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मायूस और आक्रोशित हें। सुरेंद्र की पत्नी तेतरी देवी ,13 वर्षीय पुत्री मुन्नी कुमारी, 9 वर्षीय पुत्र भुल्लू, 6 वर्षीय पुत्री अनुष्का एवं 5 वर्षीय पुत्र सभी का रोते -रोते हाल बेहाल है। वह घर का इकलौता कमाऊ व्यक्ति वही था। भाई रंजीत यादव ने तेघड़ा थाना में बाल्मीकि यादव, नरेश यादव, विकास यादव ,हरिनंदन यादव ,गौतम यादव ,बिहारी यादव एवं अन्य को नामजद किया था। पुलिस ने नरेश यादव,अंकित उर्फ बिहारी यादव एवं प्रवीण यादव को हिरासत में लिया था जबकि कई आरोपी फरार चल रहे हैं। मौत के बाद बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने नंदू यादव और गोलू यादव को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया । जबकि कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हें। स्थानीय पूर्व मुखिया अशोक सिंह, ग्रामीण चंद्रशेखर राय, संजय यादव, चंदन यादव, बलराम यादव एवं बबलू यादव सहित ग्रामीणों ने सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से मृतक सुरेंद्र यादव के सभी नामजद की गिरफ्तारी कर सजा दिलाने के साथ ही मृतक परिवार के छोटे-छोटे बच्चे एवं आश्रितों के लिए उचित व्यवस्था एवं सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है।
