गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
मोहर्रम पर्व को लेकर वीरपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में गुरुवार को छोटी ताजिया का जुलूस सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में निकाला गया। नौला, मुजफ्फरा, भवानंदपुर, वीरपुर पूर्वी, वीरपुर पश्चिमी, बरैयपुरा, जिंदपुर, जगदर, मुरादपुर, मैदा, मिल्की, सहुरी, फुलकारी, कारीचक तथा सरौंजा सहित अन्य गांवों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पारंपरिक तरीके से ताजिया जुलूस निकाला।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर ताजिया मिलान का आयोजन किया गया। वहीं अखाड़ों में कलाकारों द्वारा लरवारी सहित अन्य पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं स्वीकृत मार्गों से ही जुलूस निकाला गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चौकीदार, दफादार, लाठी बल तथा सशस्त्र बल के जवानों के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। प्रशासनिक निगरानी में सभी जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुए।


