मोहम्मद फैज AV भारत न्युज संवाददाता दलसिंहसराय/ समस्तीपुर
आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के तत्वावधान में बुधवार और गुरुवार को राज्य के 21 जिलों में एक साथ वृहद भूकंपीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में समस्तीपुर जिले के आठ चिन्हित स्थानों पर भी अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बुधवार को “टेबल टॉप एक्सरसाइज” के तहत वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद गुरुवार सुबह 9 बजे दलसिंहसराय के डैनी चौक से काली चौक के बीच स्थित नए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को मुख्य केंद्र बनाकर वास्तविक परिस्थितियों का पूर्वाभ्यास किया गया। परिकल्पना के अनुसार भूकंप से पुल के क्षतिग्रस्त होने और बिजली की तारों के टूटने की स्थिति बनाई गई, ताकि आपातकालीन हालात में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखा जा सके।
आपदा की सूचना मिलते ही आरसीडी, विद्युत विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आरडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, बिजली आपूर्ति बहाल करने और आपदा वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इस दौरान एसडीआरएफ के पर्यवेक्षक ने पूरी कार्यवाही का सूक्ष्म निरीक्षण किया और आवश्यक सुझाव भी दिए।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को मजबूत करना तथा आम लोगों में जागरूकता बढ़ाना था। इस अभ्यास से यह स्पष्ट हुआ कि जिला प्रशासन संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सजग और तैयार है। दलसिंहसराय के डीसीएलआर प्रशांत रमानिया ने नोडल पदाधिकारी के रूप में सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया।
