गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड की परिहारा और मोहनपुर पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सुबह से ही दोनों पंचायतों के मतदान केंद्र मध्य विद्यालय परिहारा और पैक्स गोदाम मोहनपुर पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस चुनाव में पैक्स अध्यक्ष के साथ-साथ समिति सदस्यों के लिए भी मतदान कराया गया। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अनुमंडल प्रशासन लगातार चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करता रहा।
बखरी के एसडीएम सन्नी कुमार सौरव, एसडीपीओ कुंदन कुमार, निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ कुमार मुकेश और थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने दोनों मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही थी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ कुमार मुकेश ने बताया कि मतदान समाप्त होते ही देर शाम से मतगणना कार्य शुरू कर दिया गया है। परिहारा के मध्य विद्यालय और मोहनपुर के पैक्स गोदाम में तीन-तीन मतदान केंद्र बनाए गए थे।
मतदान के आंकड़ों के अनुसार, मोहनपुर में कुल 2020 मतदाताओं में से 1284 ने वोट डाले, जबकि परिहारा में 1515 में से 972 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रशासन को उम्मीद है कि देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
