नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। प्रशासन ने राजनीतिक दलों के साथ सरकारी बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार शाम से ही प्रखण्ड में राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। यह अभियान अंचलाधिकारी सूरज कुमार, बीईओ सह बीसीओ अनिल कुमार चौधरी व थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार के नेतृत्व में प्रखण्ड परिसर से प्रारंभ हुआ।
इसके तहत प्रखंड के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और सरकारी भवनों से विभिन्न दलों की प्रचार सामग्री हटवाई जा रही है। इस दौरान सूरज कुमार ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के लिए अनिवार्य है।
बिना अनुमति किसी भी सरकारी भवन, सार्वजनिक स्थल या संपत्ति पर प्रचार सामग्री लगाना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और प्रखण्ड में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी चुनाव कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में लगे सभी राजनीतिक होर्डिंग, पोस्टर और दीवार लेखन तत्काल हटाने का निर्देश दिया। यदि दोबारा ऐसी सामग्री लगाई गई तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
