गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी नगर क्षेत्र में राजस्व कचहरी की जमीन पर कथित कब्जे का मामला उभर कर सामने आया है। मक्खाचक स्थित दशकों पुराने तहसील कचहरी के जर्जर भवन को नगर परिषद बखरी द्वारा पहले ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद उसी कचहरी की जमीन पर बिना किसी अनुमति के पार्क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
इसकी जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी बखरी ने 13 दिसंबर को नगर परिषद बखरी के कार्यपालक पदाधिकारी को नोटिस जारी किया। नोटिस में मौजा मक्खाचक, खाता संख्या 243, खेसरा संख्या 696, रकबा 9 कट्ठा 3 धुर राजस्व कचहरी की जमीन पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया गया। हालांकि, जानकारों का कहना है कि नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया है और कार्य जारी है।
गौरतलब है कि राजस्व कचहरी के जर्जर भवन को देखते हुए पूर्व कलेक्टर ने भवन को ध्वस्त कर उसी भूमि पर नए राजस्व कचहरी भवन के निर्माण का आदेश दिया था। अंचलाधिकारी द्वारा भेजे गए नोटिस में यह भी उल्लेख है कि तहसील कचहरी के नए भवन एवं संपूर्ण भूमि पर चारदीवारी निर्माण के लिए 27 सितंबर 2023 को अपर समाहर्ता, बेगूसराय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इसी आधार पर नगर परिषद को उक्त भूमि पर किसी भी प्रकार का कार्य नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
राजस्व कचहरी की भूमि पर नगर परिषद द्वारा कब्जे की यह घटना बखरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मामले में अंचलाधिकारी बखरी से प्रतिक्रिया लेने के लिए संपर्क करने पर उन्होंने फोन काट दिया। वहीं नगर परिषद बखरी की सिटी मैनेजर ने कहा कि इस विषय में कार्यपालक पदाधिकारी ही जानकारी दे सकते हैं। दूसरी ओर बखरी अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने मामले को देखने की बात कही है।
