नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी बेगुसराय
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त राज्य सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए पहसारा के दो तथा नावकोठी के एक अभ्यर्थी का चयन एसडीएम पद के लिए हुआ है। तीनों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पहसारा निवासी कुमार सेनजीत, पिता रामबाबू सिंह, ने 117वां रैंक प्राप्त कर एसडीएम पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय बेगूसराय से प्राप्त की। इसके बाद बीआरडीएबी कॉलेज बेगूसराय से इंटरमीडिएट तथा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वे गृह मंत्रालय में कार्यरत हैं। उनके पिता शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। तीन भाइयों में मंझले कुमार सेनजीत हैं। उनके बड़े भाई भविष्य निधि विभाग में कार्यरत हैं, जबकि छोटा भाई बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है। उनके स्वर्गीय दादा शिवजी सिंह एक साधारण किसान थे।
वहीं पहसारा के ही अमन राज, पिता राजकिशोर प्रसाद सिंह, ने 531वां रैंक प्राप्त कर एसडीएम पद पर सफलता हासिल की है। उन्होंने दसवीं और बारहवीं की शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय सीतामढ़ी से प्राप्त की, जबकि नागपुर विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दिल्ली में रहकर स्वाध्याय और कोचिंग के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। छह भाई-बहनों में सबसे छोटे अमन राज की चार बहनें विभिन्न सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। उनके पिता नवोदय विद्यालय सीतामढ़ी एवं समस्तीपुर कार्यालय में कार्यरत रहे हैं, जबकि माता गृहिणी हैं।
इधर, नावकोठी पंचायत निवासी सूरज कुमार, पिता रामचंद्र चौधरी, ने भी बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए एसडीएम पद के लिए चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने मैट्रिक की शिक्षा अयोध्या प्रसाद सिंह उच्च विद्यालय, नावकोठी से तथा इंटरमीडिएट जीडी कॉलेज बेगूसराय से पूरी की। इसके बाद अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नई से बी.ई. (ईईई) की डिग्री हासिल की। उन्होंने घर से तैयारी शुरू की और बाद में पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। उनकी पत्नी और छोटी बहन वर्तमान में कांस्टेबल पद पर कार्यरत हैं।
तीनों अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को दिया है। उनकी उपलब्धि को स्वाध्याय, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
प्रखंड प्रमुख अनीता देवी, मुखिया संघ के जिला महासचिव एवं नावकोठी मुखिया राष्ट्रपति कुमार बिड्डू, पहसारा के मुखिया प्रतिनिधि रामनाथ उर्फ बुडुल सिंह, सरपंच प्रतिनिधि रामाशीष सिंह, डॉ. अरविंद कुमार, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, भाजपा नेता सुधीर कुमार सिंह, रणवीर कुमार सिंह, शिवम वत्स, शिवेश रंजन, लोजपा नेता चंदन कुमार, अनुभव कुमार सिंह, घनश्याम सिंह, पंसस अनीता देवी, वचन देव सिंह, शिक्षाविद नवीन पाठक, सरोज झा, कन्हैया कुमार, संजीत कुमार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने तीनों सफल अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


