विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से बीते 3 जून को लापता हुई नाबालिग लड़की को भगवानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बछवाड़ा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने अपहरण के आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि 4 जून को पीड़िता के पिता ने थाना में आवेदन देकर अपनी पुत्री के लापता होने तथा अपहरण की आशंका जताई थी। आवेदन के आधार पर भगवानपुर थाना कांड संख्या 143/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नाबालिग लड़की बछवाड़ा थाना क्षेत्र में है। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस ने बछवाड़ा थाना की पुलिस के सहयोग से फतेहा हॉल्ट के समीप छापेमारी की। छापेमारी के दौरान लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया।
मामले में पुलिस ने बछवाड़ा थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी बालदेव दास के पुत्र मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जहां से उसे बेगूसराय मंडल कारा भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।
