नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद है। दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी।हत्या से इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदाह मोहल्ले की बताई जा रही है।मृतक की पहचान जिले के मेहा निवासी गिरजानंद चौधरी के 52 वर्षीय पुत्र वरुण सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार,वरुण सिंह बेगूसराय शहर के नागदाह मोहल्ले में घर बनाकर रहते थे।शहर से लेकर जिले के विभिन्न इलाकों में जमीन खरीद-बिक्री का कारोबार करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,रोज की तरह वरुण सिंह अपने कुछ साथियों के साथ किसी कार्य से जा रहे थे।इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने उन पर करीब सात गोलियां चलाईं,जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई।लोगों ने उन्हें तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया।
वहीं सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे समेत कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।फिलहाल पुलिस एसपी मनीष के नेतृत्व में मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा और इस वारदात में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
