गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को वीरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राम नरेश शर्मा के नेतृत्व में 123 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

मौके पर मौजूद गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों ने बताया कि जांच के दौरान रक्तचाप, शुगर, खून की कमी सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। साथ ही पंजीकरण, उचित खान-पान, सुरक्षित प्रसव, घर में सकारात्मक एवं खुशनुमा माहौल बनाए रखने तथा नियमित टीकाकरण के संबंध में चिकित्सकों द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई।

चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी, ताकि मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
इस दौरान प्रखंड क्षेत्र की दर्जनों आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं, जिन्होंने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी।
