गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
वीरपुर प्रखंड के जगदर निवासी एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड रामविलास महतो का निधन एक जून 2026 को पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया था। वे पार्टी की शाखा इकाई से लेकर जिला नेतृत्व तक सक्रिय भूमिका में रहे और जीवनभर गरीबों, मजदूरों तथा किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई तन-मन-धन से लड़ते रहे। उनके निधन से पार्टी एवं क्षेत्र में शोक की लहर है।
उनके श्राद्धकर्म के अवसर पर वीरपुर अंचल मंत्री रामप्रवेश सिंह के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा शुरू होने से पूर्व इप्टा (इंडियन पीपुल्स थिएटर एसोसिएशन) के कलाकारों ने जनवादी गीतों एवं शहीद गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और जोश भर दिया।
सभा में कामरेड रामविलास महतो के तैल चित्र पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला मंत्री अवधेश राय, महिला नेत्री उषा सहनी, किसान नेता रामप्रताप नारायण सिंह, अनिल अंजान, प्रह्लाद सिंह, जुलूम सिंह, रीता चौरसिया, अजय झा, सुनील मिश्रा, चंद्रप्रकाश नारायण सिंह समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए अंचल मंत्री, शाखा मंत्री एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें लाल सलाम दिया।
संकल्प सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कामरेड रामविलास महतो के संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए उन्हें एक जुझारू और जनपक्षधर नेता बताया। नेताओं ने कहा कि उन्होंने जीवनभर शोषितों, वंचितों और किसानों की आवाज बुलंद की। उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके अधूरे सपनों को पूरा करने तथा उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
