गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
सोमवार को सोमवती अमावस्या का पर्व श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। बखरी नगर सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार के मंगलमय जीवन की कामना को लेकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही महिलाएं पूजा की थाली, दीप, धूप, फूल एवं अन्य पूजन सामग्री लेकर पीपल वृक्ष के समीप पहुंचने लगीं। महिलाओं ने पीपल वृक्ष की 108 बार परिक्रमा कर जल अर्पित किया तथा कच्चा सूत बांधकर पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना की।
इस अवसर पर कई महिलाओं ने व्रत रखकर धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न किए। पूजा स्थलों पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं संतानों के उज्ज्वल भविष्य की भी प्रार्थना की।सोमवती अमावस्या को हिंदू धर्म में विशेष महत्व दिया जाता है। मान्यता है कि इस दिन व्रत एवं पीपल वृक्ष की पूजा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा।
