गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के पर्रा काली मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण के बीच शोभायात्रा पर्रा काली मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मठ टोला होते हुए पर्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः कथा स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापित किया गया।

शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह, संजय सिंह, अनिल सिंह, नवीन सिंह, ऋषभ कुमार एवं धीरज कुमार ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन कथा वाचिका वैदेही शरण जी द्वारा किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था के लिए पुलिस पदाधिकारी सूर्य कुमार यादव, ग्राम रक्षा दल के धीरज वॉस सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया।


