गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नवनिर्मित गेनहरपुर पंचायत सरकार भवन में सदर एसडीओ अनील कुमार की अध्यक्षता में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान एसडीओ अनील कुमार, बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ भाई बीरेंद्र सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं से अवगत होकर उनकी फरियाद सुनी।
शिविर में मौजूद अधिकारियों ने बारी-बारी से लोगों की शिकायतों और आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया, जिससे लाभुकों के चेहरे पर संतोष और खुशी देखने को मिली। इसी दौरान दर्जनों लाभुकों के बीच जन्म, मृत्यु, जॉब कार्ड, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी वितरित किए गए।
मौके पर एसडीओ अनील कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर किया जा रहा है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। वहीं बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर ने कहा कि इस पहल के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन लिए जा रहे हैं तथा शिविर में पहुंचकर भी लोग आवेदन दे सकते हैं।

सीओ भाई बीरेंद्र ने बताया कि कई लाभुकों द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन दिए गए थे, जिन्हें तैयार कर शिविर के दौरान ही उन्हें सौंप दिया गया। दिव्यांग लाभुक सिकंदर सहनी ने कहा कि इस प्रकार का सहयोग शिविर आम लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहा है। जिले और प्रखंड के अधिकारी खुद पंचायत स्तर पर पहुंचकर लोगों के कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं, जो एक सराहनीय पहल है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला या प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। पंचायत सरकार भवन में ही अधिकांश सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर लेबर इंस्पेक्टर मंदीप कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सर्वेश कुमार, मुखिया अशोक पासवान, पंचायत सचिव सुरेश चौधरी, पूर्व मुखिया सुखराम महतो सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


