गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र में 50 हजार रुपये रंगदारी नहीं देने पर एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित द्वारा वीरपुर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पर्रा पंचायत के सरौंजा गांव निवासी मोहम्मद चांद ने थाने में दिए आवेदन में अपने ही गांव के निर्धन मोची, रामधन मोची एवं कर्ण मोची पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया है कि बेगूसराय से वापस घर लौटने के दौरान गांव के रास्ते में उन्हें रोककर आरोपितों ने गाली-गलौज की। साथ ही 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि रुपये नहीं देने पर उन्हें एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने तथा बंदूक के बल पर जमीन पर कब्जा कर लेने की धमकी दी गई।
पीड़ित के आवेदन के आधार पर वीरपुर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


