गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगुसराय
मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को बखरी अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) सन्नी कुमार सौरव ने की। इस दौरान पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा कमेटी के सदस्यों एवं अन्य गणमान्य लोगों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुंदन कुमार ने अखाड़ा कमेटी के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके और पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
बैठक में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव, सर्किल इंस्पेक्टर विकास कुमार राय, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अखाड़ा कमेटी के सदस्य तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।


