गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत मंगलवार को बखरी प्रखंड कार्यालय में खेत मजदूर यूनियन के अंचल मंत्री सुरेश सहनी एवं बखरी के पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान के नेतृत्व में विभिन्न जनहित एवं मजदूर हित से जुड़ी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से सरकार से बीबी रामजी योजना को निरस्त कर पूर्व की मनरेगा व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की गई। इसके साथ ही मनरेगा के तहत मजदूरों को वर्ष में 200 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने तथा न्यूनतम मजदूरी 700 रुपया प्रतिदिन निर्धारित करने की मांग उठाई गई।
यूनियन नेताओं ने सरकारी भूमि पर वर्षों से बसे लोगों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए बेदखल करने की कार्रवाई पर रोक लगाने, वृद्धावस्था पेंशन की राशि का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने तथा वर्तमान 1100 रुपया मासिक पेंशन राशि को बढ़ाकर 3000 रुपया प्रतिमाह करने की भी मांग की।
ज्ञापन में भूमिहीन परिवारों को वास भूमि एवं आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर 5 लाख रुपया करने तथा दलित महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग भी शामिल रही।
इस अवसर पर यूनियन नेताओं ने कहा कि गरीब, मजदूर, भूमिहीन एवं वंचित वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को शीघ्र सकारात्मक पहल करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर विचार नहीं किए जाने की स्थिति में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन चलाया जाएगा।


