गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बिहार पंचायती राज विभाग के निर्देश पर सोमवार को ग्राम पंचायत राज बागवन के लौछे स्थित पंचायत सभागार भवन में आम सभा का आयोजन किया गया। सभा का मुख्य उद्देश्य वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना का निर्माण करना था।
सभा की अध्यक्षता करते हुए पंचायत के मुखिया योगेंद्र राय ने ग्रामीणों को सड़क निर्माण, पीसीसी ढलाई, सोलिंग, स्वच्छता, शौचालय एवं सोखता गड्ढा निर्माण, आवास योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, मनरेगा तथा वासगीत पर्चा जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इसी दौरान सारबकोठी, सिसौनी एवं सिनुवारी के भूमिहीन ग्रामीणों ने राजस्व कर्मचारी सूरज कुमार पर वासगीत पर्चा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। आम सभा में उपस्थित सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन के कार्यों में अवैध वसूली की जाती है तथा समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जाती। इसको लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचायत से राजस्व कर्मचारी के तत्काल स्थानांतरण की मांग की।
इस अवसर पर पंचायत सचिव गोपाल कुमार, कार्यपालक अनिल कुमार, लेखपाल नेहा कुमारी, रोजगार सेवक कृष्ण कुमार, उप मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक रामचरण महतो, वार्ड सदस्य मनोज सदा, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि कदम सदा, स्वच्छता कर्मी नागेंद्र सदा, रामबालक सदा, गजेंद्र सदा, भूखली देवी, मीरा देवी, अनीता देवी, मंगली देवी, पुष्पा देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। आम सभा में ग्रामीणों ने पंचायत विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी और समस्याओं के समाधान की मांग की।
