गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बखरी पुलिस प्रशासन द्वारा बुधवार को फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च में एसडीपीओ कुंदन कुमार, बखरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव तथा सर्किल इंस्पेक्टर विकास कुमार राय के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने पूरे थाना क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों को शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सतर्कता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
मोहर्रम पर्व को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

