गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड क्षेत्र में नव वर्ष के अवसर पर लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ नए साल का स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक और आस्था स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने मंदिरों और सत्संग स्थलों पर पहुंचकर नए वर्ष की सुख-समृद्धि की कामना की। नव वर्ष के मौके पर श्रद्धालु बाबा उजान स्थान, सोनिहार महारानी स्थान, निरंकारी सत्संग मंदिर, राटन बाबा चौहरमल स्थान, सलौना ठाकुरबारी तथा बखरी गौशाला पहुंच पूजा-अर्चना कर नव वर्ष को मनाया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

वहीं उजान बाबा स्थान पर नव वर्ष के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहां दूर-दराज से आए लोगों ने मेले का आनंद लिया। मेले में बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। विभिन्न दुकानों और झूलों से मेला परिसर देर रात तक गुलजार रहा। जबकि चौहरमल बाबा स्थान एवं महारानी स्थान में महा भंडारा का आयोजन किया गया जहां हजारों लोगों ने महाप्रसाद प्राप्त किया। जबकि दिनभर पुलिस प्रशासन सक्रिय रहे। नव वर्ष के मौके पर प्रखंड क्षेत्र में शांति, भाईचारा और उल्लास का वातावरण रहा। लोगों ने एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और नए साल में सुख, शांति और खुशहाली की कामना की।
